विकासनगर। देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चकराता से त्यूणी की ओर जा रही श्रद्धालुओं की कार चिल्हाड़ क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे कार चिल्हाड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही त्यूणी थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। टीम ने खाई में उतरकर कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

हादसे में उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के फतापुर निवासी 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दिल्ली के महावीर एन्क्लेव निवासी 27 वर्षीय सुनील मंडल और देहरादून निवासी ऋषभ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

बताया गया कि कार सवार लोग हनोल स्थित महासू देवता मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चिल्हाड़ क्षेत्र में यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।

त्यूणी थाना प्रभारी कुलदीप शाह ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घायल ऋषभ के संबंध में पुलिस उसके पूरे पते और अन्य विवरण की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।