देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के हरभजवाला में किराये के मकान की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के कथित सरगना समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को भी रेस्क्यू किया।
पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव के एक किराये के मकान में देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पटेलनगर पुलिस ने मकान में छापा मारा। मौके से छह लोग मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने वहां से करीब 18 हजार रुपये की नकदी के साथ आपत्तिजनक सामग्री और दवाइयां भी बरामद कीं।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मकान किराये पर लेकर कथित रूप से यह धंधा संचालित किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का कथित सरगना दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को ग्राहकों की मांग के अनुसार देहरादून बुलाता था। ग्राहकों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया जाता था और महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। पसंद के आधार पर महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजे जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मौके से एक नाबालिग किशोरी को भी रेस्क्यू किया। पुलिस के अनुसार, किशोरी को आरोपी का साथी दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। आरोप है कि यहां उस पर देह व्यापार के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया था। पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित निकालकर संरक्षण में लिया है।
मामले में पटेलनगर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और इसके संचालन से संबंधित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
