ज्योर्तिमठ। पैनखंडा समुदाय को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का दर्जा मिलने के दस वर्ष बाद भी केंद्रीय सूची में शामिल न किए जाने से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। इसी के विरोध में शुक्रवार को ज्योतिर्मठ नगर में विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली के समर्थन में बाजार भी आधे दिन तक बंद रहेगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2016 में उत्तराखंड सरकार ने पैनखंडा समुदाय को ओबीसी का दर्जा प्रदान किया था, लेकिन अब तक इसे केंद्र सरकार की ओबीसी सूची में शामिल नहीं किया गया है। समुदाय के लोगों का कहना है कि कई बार मांग उठाने और प्रयास करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष भरत सिंह कुंवर ने बताया कि रैली में पूरे विकासखंड से बड़ी संख्या में लोग भाग लेंगे। वहीं व्यापार मंडल अध्यक्ष नैन सिंह भंडारी के अनुसार, रैली के समर्थन में शुक्रवार को दोपहर एक बजे तक सभी व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे।
समुदाय ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
