देहरादून। होली के अवसर पर यात्रियों को अपने घर पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम ने विशेष व्यवस्था की है। त्योहार के दौरान बसों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के साथ ही कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई है। मंगलवार को महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किए।

जारी आदेश के अनुसार यह प्रोत्साहन योजना 27 फरवरी से 9 मार्च तक, कुल 11 दिनों के लिए प्रभावी रहेगी। इस अवधि में लगातार 10 दिन तक बिना अवकाश कार्य करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को निर्धारित औसत संचालन पूरा करने पर 1250 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके तहत मैदानी मार्गों पर प्रतिदिन औसतन 242 किमी, मिश्रित मार्गों पर 200 किमी और पर्वतीय मार्गों पर 180 किमी संचालन अनिवार्य होगा।

वहीं, जो कर्मचारी बिना एक भी अवकाश लिए लगातार 11 दिन तक सेवाएं देंगे, उन्हें अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। इसके लिए मैदानी मार्गों पर न्यूनतम 2662 किमी, मैदानी-पर्वतीय मिश्रित मार्गों पर 2200 किमी और पर्वतीय मार्गों पर 1980 किमी संचालन करना होगा। ऐसे कर्मचारियों को 1500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

इसके अतिरिक्त होली के दिन कार्यशाला से बस लेकर मार्ग पर जाने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को 300 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। साथ ही जिनका लोड फैक्टर 90 प्रतिशत से अधिक रहेगा, उन्हें 500 रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मिलेगा। निगम का उद्देश्य त्योहार के दौरान बेहतर सेवा के साथ कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना है।