देहरादून। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने शनिवार को शिक्षा निदेशालय में हुई विवादित घटना पर खेद व्यक्त करते हुए सभी संबंधित पक्षों से माफी मांगी है। उन्होंने इसे अनजाने में घटित घटना बताते हुए संयम और शांति बनाए रखने की अपील की है।
विधायक उमेश शर्मा काऊ ने जारी बयान में कहा कि वह अपने क्षेत्र में एक विद्यालय के लिए डेढ़ बीघा जमीन दान देने वाले परिवार के साथ शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। उनका उद्देश्य विद्यालय का नामकरण दानदाता पदम् सिंह रावत के नाम पर कराने की मांग को लेकर अधिकारियों से चर्चा करना था। उन्होंने बताया कि संबंधित परिवार भी उनके साथ था और मामला काफी समय से लंबित होने के कारण बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने विवाद को शांत कराने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान अनजाने में यह घटना हो गई, जिसका उन्हें बेहद अफसोस है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें हमेशा अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग मिलता रहा है और उन्होंने भी हमेशा उन्हें उचित सम्मान दिया है।
विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लगातार अधिकारी-कर्मचारियों के हितों में कार्य कर रहे हैं और सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर रही है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण में सभी पक्षों से संयम बरतने और स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की अपील की।
उन्होंने अंत में कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की हिंसा या अराजकता का कोई स्थान नहीं है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
