चमोली। ज्योतिर्मठ नगर क्षेत्र में नगर पालिका भवन के हॉल में नमाज अदा किए जाने को लेकर उठे विवाद को प्रशासन ने सुलझा लिया है। प्रशासन और नगर पालिका के निर्णय के बाद उक्त भवन को बंद कर दिया गया है और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भविष्य में अपने घरों पर ही नमाज पढ़ने पर सहमति जताई है। प्रशासन ने नगर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को नगर पालिका भवन में नमाज पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद हिंदूवादी संगठनों ने आपत्ति जताते हुए प्रशासन से शिकायत की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका ने आपात बोर्ड बैठक बुलाकर भवन पर ताला लगाने और धार्मिक गतिविधियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्णय लिया।
एसडीएम ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि नगर पालिका से विधिवत अनुमति लिए बिना हॉल का उपयोग किया गया था, इसलिए उसे बंद कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुस्लिम समुदाय ने अपने घरों पर नमाज अदा करने पर सहमति जताई है और नगर में पूरी तरह से शांति व्यवस्था बनी हुई है। किसी भी प्रकार से माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने ज्योतिर्मठ थाने को नगर में बाहर से आए लोगों का शत प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए हैं। सत्यापन न कराने वाले कर्मचारियों या एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विवाद के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज निजी आवासों पर पुलिस की मौजूदगी में अदा की गई। स्थानीय मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और इस घटना से आपसी भाईचारे पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

