हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर स्थित तुलसी चौक के पास गंगा घाट किनारे सो रही दो साल की बच्ची को देर रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने शहरभर में घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया और कई टीमों को अलग-अलग दिशाओं में रवाना किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बच्ची की मां मूल रूप से हरदोई जिले के सांडी क्षेत्र की रहने वाली है और पिछले दो वर्षों से हरिद्वार में भिक्षावृत्ति कर जीवन यापन कर रही है। उसके पति का डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका है और वह पिछले तीन महीनों से मायापुर क्षेत्र में गंगा किनारे अपनी बच्ची के साथ रह रही थी। बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात व्यक्ति बच्ची को उठाकर ले गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने स्वयं मामले की मॉनिटरिंग संभाली। शहर कोतवाली पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और सीआईयू की संयुक्त पांच टीमें गठित की गईं। बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, संवेदनशील क्षेत्रों और जिले की सीमाओं पर अलर्ट जारी किया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया।

लगातार दबिश और बढ़ते पुलिस दबाव के चलते आरोपी बच्ची को छोड़कर फरार हो गया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बच्ची ऋषिकुल चौक के पास सड़क किनारे घूमती हुई मिली। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर घटना के पीछे की मंशा का खुलासा किया जाएगा। इस दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी और शहर कोतवाल रितेश शाह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।