देहरादून। मसूरी मालरोड पर यातायात व्यवस्था को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने साइकिल रिक्शा के स्थान पर गोल्फकार्ट के संचालन की तैयारी पूरी कर ली है। अगले एक महीने के भीतर मसूरी को लगभग 40 गोल्फकार्ट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मालरोड पर आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।
जिलाधिकारी ने रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉर्पोरेशन (आरईसी) के प्रबंध निदेशक एवं भारत सरकार के अपर सचिव को इस माह एमओयू के लिए पत्र भेजकर औपचारिक प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया है। जिला प्रशासन का दावा है कि गोल्फकार्ट के संचालन से वर्तमान रिक्शा चालकों की आय में वृद्धि होगी और उन्हें आधुनिक परिवहन प्रणाली से जोड़ा जाएगा।
गोल्फकार्ट सेवा से विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे मालरोड पर भीड़भाड़ कम होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी, क्योंकि गोल्फकार्ट विद्युत चालित वाहन हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि गोल्फकार्ट संचालन के लिए मार्ग निर्धारण, पार्किंग स्थल, चार्जिंग स्टेशन, सुरक्षा मानक और संचालन प्रणाली को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटक हितधारकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह पहल जनहित और सतत पर्यटन विकास के उद्देश्य से की जा रही है।
यह योजना मसूरी के पर्यटन ढांचे को आधुनिक बनाने के साथ-साथ शहर की पहचान को स्मार्ट और पर्यावरण-संवेदनशील पर्यटन स्थल के रूप में मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
