चमोली। चमोली जिले के जोशीमठ नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन नगर पालिका भवन के एक हॉल में नमाज अदा करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है।
वीडियो ज्योतिर्मठ नगर के मीट मार्केट क्षेत्र का बताया जा रहा है, जिसमें कई लोग एक साथ नमाज अदा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद हिंदू संगठनों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है, जबकि प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।
प्रशासन ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका को देखते हुए दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक की और शांति बनाए रखने की अपील की है। जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया गया है और समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह का तनाव न बढ़े, इसके लिए पुलिस को निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रोजे के दौरान नमाज पढ़ने के लिए मौखिक अनुमति ली थी। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद निगम ने संबंधित हॉल पर ताला लगा दिया है और सरकारी इमारतों में धार्मिक गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि सरकारी संपत्ति का धार्मिक गतिविधियों के लिए उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। बताया जा रहा है कि यह इमारत खेल विभाग को दी गई है, जहां भविष्य में टेबल टेनिस हॉल बनाया जाना है।
विश्व हिंदू परिषद और अन्य संगठनों ने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं भाजपा नेताओं ने प्रशासन की जिम्मेदारी तय करने की बात कही है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास कर रहा है।
