उत्तरकाशी। तांबाखानी सुरंग के भीतर बुधवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चुंगी बड़ेथी निवासी 33 वर्षीय नवीन राणा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार नवीन राणा बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी बाइक से तांबाखानी सुरंग से गुजर रहा था, तभी एक अज्ञात कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

हादसे में नवीन राणा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने के लिए सीपीआर सहित अन्य उपचार किया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण नवीन राणा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद सुरंग में बिजली व्यवस्था को लेकर नगर पालिका की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सुरंग में बिजली नहीं थी, जिससे दृश्यता बेहद कम थी और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई। स्थानीय लोगों ने सुरंग में प्रकाश व्यवस्था की नियमित निगरानी और मरम्मत की मांग की है।

कोतवाली निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और सुरंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मृतक का शव जिला अस्पताल में रखा गया है, जिसे अभी तक परिजनों ने नहीं उठाया है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।