देहरादून। दून जिला न्यायालय परिसर को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार को हड़कंप मच गया। जिला जज को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया और सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और इमारत के अंदर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

इससे पहले बुधवार को भी कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद लगभग दो घंटे तक तलाशी अभियान चला था। हालांकि उस दौरान भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी और बाद में कामकाज फिर से सामान्य कर दिया गया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ताजा धमकी वाले ई-मेल में अज्ञात व्यक्ति ने दावा किया कि सुबह 11:15 बजे तक कोर्ट परिसर में लगाए गए पांच बम फट जाएंगे। मेल में सी-4 और नाइट्रेट जैसे विस्फोटकों का उल्लेख किया गया था और यह भी कहा गया था कि यदि बम अपने आप नहीं फटे तो कुछ लोग अंदर आकर खुद को विस्फोट से उड़ा देंगे।

पत्र में ईडब्ल्यूएस आरक्षण, ब्राह्मण वर्चस्व के विरोध और राजनीतिक नारों का भी जिक्र था। अंत में तमिल टाइगर ऑफ ईलाम और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई जैसे संगठनों का उल्लेख किया गया था, जिससे पत्र की गंभीरता और संवेदनशीलता बढ़ गई।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच की गई। “कोई भी संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है,” उन्होंने कहा।

लगातार मिल रही धमकियों से न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और आम लोगों में तनाव का माहौल रहा। पुलिस अब ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही है ताकि धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।