देहरादून। देहरादून में हुए चर्चित हत्याकांड के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शूटर और उसके एक सहयोगी को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए व्यापक नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया था। तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के समय एक स्कूटी सवार बदमाश पुलिस के रोकने पर नहीं रुका और भागते हुए एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया। वहां उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश, हथियारों की आपूर्ति और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान जारी रहेगा।
