हल्द्वानी। हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित नवीन मंडी की गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। मंडी परिसर में एक युवक और एक युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, सुबह मंडी कर्मियों और स्थानीय लोगों ने शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में युवक की जेब से दो पहचान पत्र बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर उसकी पहचान चंपावत निवासी युवक के रूप में की जा रही है। युवती की पहचान के प्रयास भी जारी हैं।
घटनास्थल पर खून से सना पत्थर और अन्य साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों मंडी परिसर में कैसे पहुंचे और हत्या किसने व किस वजह से की।
दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मंडी व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।
