हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामपुर रोड पर शराब की दुकान के पास एक शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव झोपड़ी के अंदर पड़ा मिला, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि जिस झोपड़ी में शव मिला है, वहां पिछले काफी समय से कोई नहीं रहता था। शनिवार शाम लोगों को झोपड़ी से दुर्गंध आने पर अंदर झांकने पर शव दिखाई दिया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार शव करीब 45 से 50 वर्षीय पुरुष का है और लगभग 10 दिन पुराना होने के कारण काफी सड़ चुका है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, जिसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
