चंपावत। चंपावत जिले के खर्क बगड़ क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक युवक ने बुजुर्ग पड़ोसी पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टनकपुर निवासी अंबादत खर्कवाल (70) शनिवार को अपने घर खर्क बगड़ पहुंचे थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी सुभाष चंद्र खर्कवाल (40) ने अचानक धारदार हथियार से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।