देहरादून। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने गायों की सुरक्षा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिल्म ‘गोदान’ को पूरे प्रदेश में टैक्स-फ्री करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की गई। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और समाज को भारतीय परंपराओं व सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गाय केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्मों के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता विकसित होती है, इसलिए सरकार इस तरह के रचनात्मक प्रयासों को प्रोत्साहित करेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार गोवंश संरक्षण को लेकर लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में गोसदनों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की उचित देखभाल सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार भविष्य में भी सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनी फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को समर्थन देती रहेगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुई बैठक में फिल्म ‘गोदान’ को टैक्स-फ्री करने का निर्णय लिया है। लगभग दो घंटे की इस फिल्म में गाय के धार्मिक, सामाजिक और व्यावहारिक महत्व को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया है।
