देहरादून। केंद्र सरकार के इस वर्ष के बजट में उत्तराखंड को रेल सेवाओं के लिए बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि इस बार राज्य को रेल परियोजनाओं के लिए 26 गुना अधिक बजट आवंटित किया गया है।
4,769 करोड़ रुपये की लागत से नई रेल परियोजनाओं का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 और 2014 की तुलना में यह अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। वर्तमान में राज्य में करीब 1,39,491 करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय बजट में बायोफार्मा क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे उत्तराखंड को विशेष लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश में उत्पादित जड़ी-बूटियों की मांग बढ़ेगी और युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही ग्रीन एनर्जी क्षेत्र को भी बजट में प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना का पहला चरण पूरा हो चुका है और आगे भी इस दिशा में कार्य जारी रहेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चुनौतियों से निपटने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
इस बीच सरकार ने रोजगार को लेकर भी अहम आंकड़े जारी किए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बीते साढ़े चार वर्षों में राज्य में हर महीने औसतन 518 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। कुल मिलाकर 28 हजार से अधिक युवाओं को स्थायी सरकारी रोजगार प्रदान किया गया है। सख्त नकल विरोधी कानून के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है।
वहीं, अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के गठन पर मुस्लिम बुद्धिजीवियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। उत्तराखंड मदरसा शिक्षा बोर्ड, वक्फ बोर्ड और अल्पसंख्यक आयोग के प्रतिनिधियों ने सीएम से भेंट कर इस पहल की सराहना की।
