रुड़की। संत रविदास जयंती के अवसर पर रविवार को निकाली गई शोभायात्रा के दौरान रुड़की के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनारसी गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फायरिंग और पथराव की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा शांतिपूर्वक आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गई। आरोप है कि दोनों ओर से अचानक फायरिंग शुरू हो गई और पथराव भी हुआ। इस हिंसा में आनंद (28) पुत्र निवासी ग्राम बिनारसी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में विशाल (25) और योगेंद्र (27) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

हालांकि, युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर हालात सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।