मंडी (हिमाचल प्रदेश)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बल्ह घाटी बुधवार सुबह उस वक्त दहशत में आ गई, जब एक आदमखोर तेंदुए ने तीन अलग-अलग गांवों में लोगों पर जानलेवा हमले किए। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सुबह-सुबह हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार तेंदुए ने सबसे पहले चंडयाल गांव में लोगों पर हमला किया। इसके बाद वह भड़याल गांव पहुंचा, जहां उसने एक के बाद एक कई लोगों को अपना शिकार बनाया। इन दोनों गांवों में तेंदुए के हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद तेंदुआ मलवाणा गांव पहुंचा, जहां उसने एक युवक पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय बलवीर सिंह पुत्र थुंगु राम निवासी भ्यूली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलवीर सिंह प्रवासी मजदूर था और मंडी में रह रहा था। वह इन दिनों अपने रिश्तेदारों के यहां आया हुआ था। घायलों में साहिब सिंह पुत्र जोगी मलदार निवासी बिहार, दीनानाथ पुत्र बिक्रम निवासी भड़याल, चंपा देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी मलवाणा, जनित पुत्र दीनानाथ निवासी भड़याल और रेखा देवी पत्नी दीनानाथ निवासी भड़याल शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चल रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोग हाथों में डंडे और अन्य हथियार लेकर घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने दोबारा हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद लोगों ने उसे मार गिराया। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों और घायलों को फौरी राहत दी जा रही है। डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने कहा कि वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर चुकी हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
