देहरादून। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग में खाली पदों पर बंपर भर्तियां शुरू कर दी हैं। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से कुल 900 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इनमें डॉक्टरों, नर्सिंग अधिकारियों, दंत हाईजिनिस्ट और एएनएम के पद शामिल हैं।

भर्ती विवरण के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग में दंत हाईजिनिस्ट के 30 पदों, नर्सिंग अधिकारियों के बैकलॉग के 103 पदों, चिकित्सा शिक्षा विभाग में नर्सिंग अधिकारियों के 587 पदों तथा एएनएम के 180 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इन भर्तियों से राजकीय चिकित्सालयों और मेडिकल कॉलेजों में लंबे समय से चली आ रही स्टाफ की कमी दूर होने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता राजकीय अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में शत-प्रतिशत रिक्त पदों को भरना है, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड को चयन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा चिकित्साधिकारियों के 287 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भी बोर्ड को भेज दिया गया है, जिस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। सरकार के इस कदम को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

You missed