देहरादून। लच्छीवाला क्षेत्र में रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे एक बुजुर्ग पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत हिमालयन हॉस्पिटल जौलीग्रांट में भर्ती कराया गया है। यह घटना सॉन्ग नदी पुल के आसपास हुई, जहां स्थानीय लोग अक्सर सुबह टहलने के लिए जाते हैं।
जानकारी के अनुसार, लच्छीवाल निवासी मनीराम थापा (60) सुबह की सैर पर निकले थे। इसी दौरान जंगल की ओर से आए एक जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में मनीराम थापा गंभीर रूप से घायल हो गए, हालांकि उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाते हुए दौड़कर दूरी बना ली। हाथी हमले के बाद जोर-जोर से चिंघाड़ते हुए वापस जंगल की ओर चला गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद मॉर्निंग वॉकर्स ने तुरंत घायल को संभाला और उन्हें हिमालयन हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से एक हाथी इस क्षेत्र में लगातार घूमता हुआ देखा जा रहा है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
वन विभाग और प्रशासन को इस घटना की सूचना दे दी गई है। अधिकारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के समय जंगल किनारे वाले क्षेत्रों में अकेले न जाएं और पूरी सतर्कता के साथ घर से निकलें।
