प्रदेशभर में आज सुबह से तेज बारिश हो रही है, जिसके चलते जनजीवन अस्त- व्यस्त हो रखा है। लोग घरों में कैद हो रखे है। वहीं बात अगर सड़कों की करें तो यमुनोत्री और गंगोत्री जैसे प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों समेत कुल 59 सड़कें मलबे और भूस्खलन के कारण अवरुद्ध हो गई हैं। प्रशासन द्वारा मार्ग बहाली का कार्य जारी है, लेकिन पहाड़ों की यात्रा जोखिम भरी बनी हुई है।
मलबा हटाने का कार्य जारी
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग रानाचट्टी, स्यानाचट्टी और पालीगाड के पास मलबा आने के कारण बंद हो गया है। वहीं, गंगोत्री हाईवे पर डबरानी के पास भारी भूस्खलन से मार्ग बाधित है। दोनों हाईवे पर मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
36 ग्रामीण सड़के है बंद
प्रदेश में इस समय कुल 59 सड़कें बंद हैं, जिनमें 36 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। पिथौरागढ़ जिले में तवाघाट-घटियाबगड़-लिपुलेख राष्ट्रीय राजमार्ग मलघट के पास बंद है, जबकि धारचूला-तवाघाट मार्ग पर बड़े पत्थर गिरने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग पर भी चार स्थानों पर भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध है। थल-मुनस्यारी मार्ग पर किलोमीटर 166.171 पर भारी मलबा जमा है, जिससे जिले में कुल 19 सड़कें बाधित हैं।