चमोली हिमस्खलन माणा हिमस्खलन

चमोली जिले के माणा में एवलांच के कारण हुई तबाही को अभी कुछ ही दिन हुए हैं। इसी बीच एक बार फिर से चमोली में एवलांच आने का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य तीन जिलों के लिए भी हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है। जिसके बाद बर्फबारी वाले इलाकों में अगले 24 घंटे तक आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

उत्तराखंड में एवलांच की चेतावनी

डीजीआरई चंडीगढ़ ने चमोली जिले में फिर से एवलांच आने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट के बाद जिलाधिकारी चमोली ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा है।

बर्फबारी वाले क्षेत्रों में आवाजाही पर रोक

हिमस्खल की चेतावनी के बाद बर्फबारी वाले क्षेत्रों में अगले 24 घंटे तक आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बता दें कि आज प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आज तीन जिलों के लिए तेज गर्जन के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। ये अलर्ट पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के लिए जारी किया गया है। प्रदेश के 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।

माणा में एवलांच से हुआ था भारी नुकसान

28 फरवरी को चमोली जिले के माणा में एवलांच आने से भारी नुकसान हुआ। एवलांच आने के कारण वहां काम कर रहे बीआरओ के 54 मजदूर बर्फ में दब गए थे। तीन दिन की कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान पूरा हुआ। जिसमें आठ श्रमिकों की मौत हो गई और 46 मजदूरों का सकुशल रेस्क्यू किया गया।