शंखनाद INDIA/अलमोड़ा-: 12 जनवरी विकासखंड भैंसिया छाना कांग्रेस कमेटी की बैठक धौलछीना में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जागेश्वर विधायक तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल रहे। कार्यक्रम में पार्टी के बुजुर्ग कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। बैठक में 2022 में होने वाले चुनाव मैं कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने पर बल दिया गया। इस दौरान भाजपा की जन विरोधी नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने की अपील की गई। मंगलवार को भैंसिया छाना कांग्रेस कमेटी की रामलीला मैदान धौलछीना मैं आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि जागेश्वर विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2022 चुनाव के लिए अभी से कमर कसने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से आज जनता त्रस्त हो गई है। कांग्रेस शासनकाल में चलाई गई जनप्रिय योजनाओं को सरकार ने बंद कर दिया है।

पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि 4 साल बीत जाने के बाद भी वर्तमान जनप्रतिनिधि द्वारा विकासखंड में कोई भी विकास के कार्य नहीं किए गए हैं अपितु कांग्रेस शासनकाल में हुए कार्यों को 4 साल बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं किया गया है। आज के जनप्रतिनिधि जनता की सेवा करने के बजाय परिवार को ठेकेदारी देने में व्यस्त हैं। कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से कांग्रेस के लिए कार्य कर रहे 60 साल की उम्र पार कर चुके 250 बुजुर्गो को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नव निर्वाचित ग्राम प्रधानों तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रताप सिंह जीना ने किया ।

कार्यक्रम के दौरान 70 से अधिक युवाओं ने जिलाध्यक्ष निर्मल रावत के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस की सदस्यता ली। इसके अलावा विभिन्न दलों आए लगभग दो दर्जन लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की जिनका मुख्य अतिथि गोविंद सिंह कुंजवाल ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।