शंखनाद INDIA/विजय उप्रेती/पिथौरागढ़ः दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन के डेढ़ माह से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई सुध नहीं लेने पर गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने शीघ्र किसानों की मांग पूरी नहीं करने पर उग्र आंदोलन की धमकी दी है।

मंगलवार को स्थानीय सिल्थाम तिराहे पर जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर की अगुवाई में एकत्र कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला दहन करते हुए जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोगों की थाली तक अन्न पहुंचाने वाला किसान आज कड़ाके की ठंड में सड़कों पर बैठा है। बावजूद इसके उनकी तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऋषेंद्र महर व गोरंगघाटी ब्लॉक अध्यक्ष त्रिलोक बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण आज पूरे देश में धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन सत्ता के नशे में चूर सरकार के नुमाइंदे किसी की सुनने को तैयार ही नहीं हैं।

जिला उपाध्यक्ष योगेश नगरकोटी व एससी प्रकोष्ठ नारायण कोहली ने कहा कि भाजपा के अच्छे दिनों का नारा केवल पोस्टर-बैनरों तक सीमित रह गया है। सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश का बेरोजगार, किसान, व्यापारी, छात्र, कर्मचारी सभी सड़कों पर उतरने को बाध्य हो गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि अविलंब कृषि कानून वापस नहीं लिया गया तो संगठन भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल देगा।