शंखनाद_INDIA/शिमला: मंडी संसदीय सीट के उपचुनाव में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और दिवंगत मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के परिवार की प्रतिष्ठा दांव पर लगी नजर आ रही है। मंडी जयराम ठाकुर का गृह जिला है, ऐसे में मंडी संसदीय सीट से पहली बार चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे भाजपा के उम्मीदवार खुशाल चंद ठाकुर की जीत सुनिश्चित करना उनके लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। वही दूसरी ओर, हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह कांग्रेस की टिकट पर मंडी से मैदान में उतरी हैं। ऐसा पहली बार है, जब वीरभद्र सिंह के निधन के बाद उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि मंडी उपचुनाव के परिणाम हिमाचल की राजनीति में जयराम ठाकुर और वीरभद्र सिंह के परिवार के भविष्य को तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि यदि मंडी से भाजपा की जीत होती है, तो पार्टी और राज्य की राजनीति में जयराम ठाकुर का कद और ऊंचा होगा और यदि भाजपा उनके गृह जिले से हार जाती है, तो पार्टी आलाकमान अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री बदलने पर भी विचार कर सकता है।