नेपाल के भारतीय सीमा से सटे बैतडी जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैतडी से बजांग जा रही बरात की बस दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 13 बरातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बस बैतडी जिले की पुरचुंणी नगरपालिका-7 के भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। जैसे ही बस पुरचुंणी के बड़गांव मोड़ पर पहुंची, चढ़ाई के दौरान अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के वक्त बस में क्षमता से अधिक बराती सवार बताए जा रहे हैं।
जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रहरी प्रवक्ता एवं प्रहरी निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद नेपाल सशस्त्र प्रहरी बल (एपीएफ), नेपाल प्रहरी और स्थानीय लोगों की मदद से रात में ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे में छह बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल और दो ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों में बजांग बित्थडचीर गांवपालिका निवासी केशव राज जोशी (40), अशोक राज जोशी (13), बसंत राज जोशी (35), विष्णु दत्त जोशी (41), नरेश राज जोशी (42), दीपक जोशी (28), किशन जोशी (46), मोहन देव भट्ट (60), केशव भट्ट (27), बसंत राज रतला (40) सहित बैतडी पुरचुंणी नगरपालिका निवासी पुष्पा अवस्थी (40) और सुशील जोशी शामिल हैं।
घायलों में से 25 का इलाज डडेलधुरा अस्पताल में चल रहा है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार के लिए धनगढी रेफर किया गया है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
