देहरादून। जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को आधुनिकता और पारदर्शिता की दिशा में आगे बढ़ा रहे जिलाधिकारी सविन बंसल ने एक बार फिर अपने कार्य के प्रति संवेदनशीलता और ज़मीनी जुड़ाव का परिचय दिया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी बंसल ने तहसील देहरादून के ग्राम आर्केडियाग्रांट में धान की फसल कटाई प्रयोग (क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट) का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल खेतों का दौरा किया, बल्कि किसानों के साथ स्वयं खेत में उतरकर धान की कटाई भी की। जिलाधिकारी को खेत में देख किसानों और अधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कटाई के बाद किए गए मापन में 43.30 वर्ग मीटर के प्लॉट से कुल 17 किलो 500 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। यह प्रयोग राजस्व उपनिरीक्षक द्वारा जीसीईएस (जनरल क्रॉप एस्टीमेशन सर्वे) एवं सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से संपन्न किया गया।

उल्लेखनीय है कि कटाई के तुरंत बाद खेत से ही प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों को भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किया गया, जिससे डेटा की पारदर्शिता और त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित हुई। जिलाधिकारी की यह पहल तकनीकी पारदर्शिता और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कदम मानी जा रही है।